भारतीय क्षेत्र में चीन के बार-बार के घुसपैठ और निर्माण कार्य से आजिज केंद्र सरकार ने पड़ोसी देश को कड़ी चेतावनी दी है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि अगर चीन भारतीय क्षेत्र में सड़क बनाता है तो सेना उनको तोड़ देगी।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपने पड़ोसी देशों के सात सहिष्णु संबंध चाहता है। भारतीय क्षेत्र में चीन द्वारा सड़क बनाने का काम जारी रखने पर उठाए जाने वाले कदम के बारे में पूछे जाने पर राजनाथ ने कहा कि ऐसे में हमारी सेना के सामने इस निर्माण को तोड़ने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचेगा।
उन्होंने एक जनसभा में कहा कि चीन को भारत के भूभाग में घुसपैठ करने और हमारे क्षेत्र में सड़क बनाने की अपनी हरकत से बाज आना चाहिए। हम चीन के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं और उसे निश्चित तौर पर हमारी भावना का कद्र करना चाहिए।
पिछले कुछ समय से भारतीय क्षेत्र में चीनी घुसपैठ के कारण सीमा पर तनाव की स्थिति पैदा हुई है। पिछले दिनों चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा के वक्त भी यह मुद्दा जोरशोर से उठा था।