केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यपाल एन एन वोहरा से मुलाकात में कश्मीर के हालत की समीक्षा की। उन्होंने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी गवर्नर से जानकारी ली। राजनाथ बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल और केंद्रीय गृह सचिव राजीव गोउबा के साथ रियासत के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे।
गौरतलब है कि आतंकी बुरहान वानी की बरसी 8 जुलाई को अलगाववादियों ने घाटी में बंद का आयोजन किया है। इससे अमरनाथ यात्री की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के लिए अधिकारियों के साथ भी विचार विमर्श किया। राजनाथ ने राज्यपाल के साथ बैठक में विकास कार्यक्रमों के कार्यान्वयन के बारे में भी जानकारी ली।
इससे पूर्व श्रीनगर के तकनीकी एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल के सलाहकारों बी बी व्यास, के विजय कुमार और खुर्शीद अहमद गनेई के अलावा मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रमन्यम, पुलिस महानिदेशक डा. एस पी वैद सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। दौरे के दूसरे दिन वीरवार को राजनाथ श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन करने के अलावा श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा प्रबंधों के बारे में उनसे फीड बैक ले सकते हैं।