जेके बैंक के चेयरमैन का पदभार संभालने पहुंचे राजेश कुमार छिब्बर
- फोटो : अमर उजाला
जेएंडके बैंक के अंतरिम चेयरमैन कम प्रबंध निदेशक का पदभार राजेश कुमार छिब्बर ने रविवार को ग्रहण कर लिया। बैंक के बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की शनिवार को हुई बैठक में परवेज मलिक को चेयरमैन के पद से हटा दिया गया था।
इसके बाद प्रस्ताव पारित कर आरके छिब्बर की सरकारी निदेशक के तौर पर नियुक्ति को स्वीकृत कर लिया गया। बोर्ड ने उन्हें आठ जून से बैंक के अंतरिम चेयरमैन कम प्रबंध निदेशक के तौर पर भी मंजूरी दे दी।
अब छिब्बर की नियुक्ति पर आरबीआई से भी मंजूरी लेनी होगी। छिब्बर उन सभी उप समितियों के भी अंतरिम चेयरमैन होंगे जोकि पूर्व में बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष की अध्यक्षता में काम कर रही थीं। इसके अलावा बोर्ड ने सेबी के नियामक व आरबीआई के निर्देश के तहत चेयरमैन और प्रबंधक निदेशक के पदों को विभाजित करने की भी सिफारिश की है।
बैंक की वर्क फोर्स पर जताया पूरा भरोसा
कार्यभार ग्रहण करने के बाद छिब्बर ने कहा कि उन्हें बैंक की वर्क फोर्स पर पूरा विश्वास है। बैंक को अपने प्रमोटर जेएंडके सरकार, रेगुलेटरों, सक्षम प्रबंधन और समर्पित वर्क फोर्स के समर्थन से नई बुलंदियों तक पहुंचाएंगे।
छिब्बर ने अपनी प्राथमिकताओं को दर्शाते हुए कहा कि उपभोक्ता केंद्रित बिजनेस रणनीति और कर्मचारी विकास और कल्याण, शेयर होल्डर वेल्यू को बढ़ाना, गर्वनेंस को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसी बीच कारपोरेट मुख्यालय श्रीनगर में बैंक के कर्मचारियों ने नए चेयरमैन का शानदार स्वागत किया।