बालीवुड अभिनेता और काग्रेस प्रवक्ता राज बब्बर ने कहा कि पूरे भारत में भाजपा को टक्कर देने वाली कोई शक्ति है तो वह कांग्रेस है। वह यहां सिर्फ इसी मकसद से आए हैं कि भाजपा को छोड़ हाथ पर बटन दबाएं।
वह कश्मीर की जनता के चेहरों पर मुस्कान देखना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि यहां एकता और भाईचारा बनी रहे। भाजपा का सफाया करने के लिए हाथ ही काफी है।
वह जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मंगलवार को उत्तरी कश्मीर के बांडीपुरा में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राजबब्बर ने कांग्रेस उम्मीदवार उस्मान मजीद के लिए वोट मांगा।
उन्होंने कहा कि अगर यहां के चेहरों पर खुशी होगी तभी सारा भारत खुश रह सकेगा। कुछ दल सांप्रदायिक तौर पर लोगों को बांटना चाहते हैं जो हमें मंजूर नहीं।
राज बब्बर ने अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि इससे पहले वह फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में कश्मीर आते रहे हैं और इसी कश्मीर की बदौलत उन्होंने दौलत और शोहरत दोनों हासिल की है। वह पहली बार राजनीतिक सभा को संबोधित करने पहुंचे हैं।