रियासत में भीषण गर्मी नया रिकार्ड बनाने की ओर है। मंगलवार को दिन में सामान्य से चार डिग्री अधिक 41.7 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ रियासत में जम्मू सबसे गर्म रहा।
मई में दूसरी बार (गत दो मई को पारा 42.4 डिग्री था) पारा 42 डिग्री के पास पहुंचा है। पिछले साल मई माह में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री ही रहा। हालांकि 11 मई 2001 को 45.2, 23 मई 2013 को 45.8 और 26 मई 1984 को आलटाइम रिकार्ड 47.4 डिग्री सेल्सियस रहा है।
श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में सामान्य से तीन डिग्री चढ़कर दिन का तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा। शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से इंसानों के साथ जीव जंतु भी बेहाल हैं।
तपिश और लू के थपेड़ों के बीच बिजली-पानी का संकट बढ़ा है। कश्मीर में अमूमन ठंडे रहने वाले कई इलाकों में पारा सामान्य से ऊपर चला गया है। गुलमर्ग न्यूनतम 5.4 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ सबसे सर्द रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई तक मौसम के साफ रहने से पारा नया रिकार्ड कायम कर सकता है। जम्मू संभाग में दिन का पारा सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर चल रहा है।
श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28.0, श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में तीन डिग्री अधिक 23.4, विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में एक डिग्री लुढ़ककर 16.2, लेह में 21.1, कारगिल में 19.2 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। मौसम विभाग श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस के अनुसार मौसम साफ रहने से गर्मी में इजाफा हो सकता है।