प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर से कश्मीर तक मंगलवार को मौसम के बिगड़े मिजाज से जनजीवन प्रभावित हुआ। मैदानी इलाकों में बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हैं।
कई संपर्क मार्गों पर असर पड़ा है। राजोरी और पुंछ को शोपियां से जोड़ने वाला मुगल रोड बंद हो गया है। जोजीला दर्रे पर भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात ठप है। खराब मौसम से लद्दाख भी प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 9 से 12 दिसंबर तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इसमें कई स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। इस बीच 10 दिसंबर को कुछ राहत मिलेगी।
विश्व विख्यात पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार शाम तक 3 सेंटीमीटर बर्फबारी हो चुकी थी। इसी तरह गुलमर्ग में 13.97 सेंटी मीटर बर्फ गिरी है। सोनमर्ग, पीर की गली, शोपियां, कुपवाड़ा, अनंतनाग सहित घाटी के अन्य जिलों के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो रही है। मौसम को देखते हुए जिला प्रशासनों को सभी जरूरी आपात इंतजाम करने को कहा गया है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सुबह 7 बजे से तेज बारिश का सिलसिला दिनभर जारी रहा। जिला डोडा, किश्तवाड़, भद्रवाह, पुंछ, राजोरी, कठुआ, उधमपुर के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। रामबन-बनिहाल के बीच दोपहर बाद बारिश शुरू हो गई थी, यहां बर्फबारी की सूरत में जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित हो सकता है। जम्मू में घने बादल दिनभर छाए रहे। दोपहर बाद कई इलाकों में बारिश हुई। इससे अधिकांश बाजार समय से पहले ही बंद हो गए।
दिन का तापमान 8 डिग्री तक गिरा
जम्मू। बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 5-8 डिग्री तक गिर गया है। आगामी दिनों में भी मौसम खराब होने की सूरत में तापमान में अधिक गिरावट आएगी। जम्मू में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री गिरकर 18.0 और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री गिरकर 16.5, बनिहाल में सामान्य से 7.0 डिग्री गिरकर 8.2, बटोत में सामान्य से 5.2 डिग्री गिरकर 8.2, भद्रवाह में सामान्य से 5.1 डिग्री गिरकर 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री गिरकर 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
न्यूनतम तापमान
लेह माइनस 4.5
कारगिल माइनस 0.2
गुलमर्ग माइनस 2.4
पहलगाम 2.3
खराब मौसम से चुनाव के पांचवें चरण पर पड़ सकती है मार
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण जिला विकास परिषद (डीडीसी) पांचवें चरण में दस दिसंबर को हो रहे मतदान पर मार पड़ सकती है। इसमें जम्मू संभाग की 19 और कश्मीर की 17 सीटों पर मतदान होना है। कश्मीर के अधिकांश पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है। जिससे कई संपर्क मार्ग प्रभावित हैं। मौसम विज्ञान श्रीनगर ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। जिससे मतदान वाले दिनों में पोलिंग पार्टियों के अलावा मतदाताओं को दिक्कतें हो सकती हैं।