जम्मू। प्रदेश सहित जम्मू में रविवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जहां उमस से परेशान लोगों को राहत दी है वहीं, कई जगह जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। कालिका कॉलोनी में स्रानागार की दीवार और शालामार सिटी थाने के पास सड़क का एक ढह गया। कालिका कॉलोनी के पास पांच-छह झोेंपड़ियों में पानी घुस गया, जिससे वहां रह रहे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
कृष्णा नगर नाले का पानी ओवरफ्लो होने से मलबा रास्ते में आ गया। नाले के साथ शिव मंदिर परिसर में जलभराव हो गया। जानीपुर की पंपोश कॉलोनी में सीवरेज लाइन लीक हो गई, जिससे कुछ घरों में गंदा पानी भर गया, जिससे लोगों ने बड़ी मुश्किल से निकाला है। कृष्णा नगर में कुछ रास्ते भी धंसे हैं। इसके साथ ही बारिश के चलते सिटी पुलिस स्टेशन सड़क का एक हिस्सा धंसा है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। उधर, सर्कुलर और पंजतीर्थी सड़क पर कई जगह मलबा गिरा है, जिससे विभागीय कर्मचारियों ने हटा कर यातायात को बहाल कर दिया है।
मूसलाधार बारिश के कारण महेशपुरा चौक, ज्यूल चौक, डोगरा चौक, लास्ट मोड, पनामा चौक समेत अन्य सड़कों में जलभराव की स्थिति रही। बारिश थमने के बाद ही पानी की निकासी हो पाई है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। महेशपुरा चौक और तवी नदी के पास फ्लाईओवर में पानी भर गया। सुबह साढ़े आठ बजे बारिश थमने के बाद ही शहर में रास्ते और सड़कें साफ हो पाईं। बारिश के कारण कचरा बिखर गया।
सड़कों में पड़े गड्ढों में पानी भरने से हुई परेशानी
बेलीचराना-बिक्रम चौक और बाहु फोर्ट-नरवाल समेत अन्य सड़कों में पड़े गड्ढों में बारिश का पानी भरने से वाहन चालकों को दिनभर दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं, सड़कों किनारे की गई खोदाई भी परेशानी का कारण बनी।