प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू और आसपास के हिस्सों में सोमवार को हुई बारिश से मौसम में बदलाव आया। दिन भर हल्के बादलों के बीच रुक-रुक कर बारिश होती रही। रात करीब 11 बजे भी झमाझम बारिश हुई लेकिन तपिश से कुछ राहत मिली, लेकिन उमस ने पीछा नहीं छोड़ा। संभाग के अन्य कई जिलों में भी हल्की बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार मंगलवार को जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन आगामी दिनों में अधिकांश मौसम साफ रहेगा।
जम्मू में सोमवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई, लेकिन दोपहर को अचानक काली घटाएं छाने के साथ शहर और आसपास के हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। कुछ अंतराल के साथ यह सिलसिला जारी रहा। यहां दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 89 दर्ज किया गया। जम्मू में 2.3 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा गिरकर 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
संभाग के अन्य जिलों में बनिहाल में 4.0 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 29.6, बटोत में 2.6 मिलीमीटर बारिश के साथ 27.3, भद्रवाह में 9.5 मिलीमीटर बारिश के साथ 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 16.8 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 29.9 और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर में चढ़ते पारे से राहत नहीं
कश्मीर में सोमवार को कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई, लेकिन अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। श्रीनगर और जम्मू का दिन का तापमान आसपास चल रहा है। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री चढ़कर 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीकुंड में दिन का तापमान 30.9, कुपवाड़ा में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।