रविवार को अखनूर में एक बार फिर हुई तेज बारिश ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी। बारिश के चलते चिनाब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे कस्बे में खौफ का माहौल बना रहा। हालात को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही।
गड़खाल और जिया पोता घाट पर तैनात पुलिस बल लगातार गाड़ियों से मुनादी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील करता रहा। घाटों के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि नदी के उफान और लगातार हो रही बरसात से वे हर वक्त दहशत में जी रहे हैं।
इस बीच अखनूर कस्बे के जिया पोता घाट पर स्थित वैष्णो देवी मंदिर व तट पर कई फुट ऊँची जमा रेत को हटाने का कार्य नगर पालिका अखनूर व समाज सेवियों की मदद से पूरे दिन चलता रहा। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक टीम का सहयोग किया।
वहीं, बारिश के बीच बिजली विभाग और जल शक्ति विभाग की टीमें पेयजल आपूर्ति व बिजली बहाली के लिए लगातार प्रयासरत रहीं। हालांकि कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि हर साल मानसून के दौरान चिनाब के उफान और तेज बरसात से उन्हें जान-माल के खतरे के साथ-साथ दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।