विजयपुर। क्षेत्र में बारिश न होने के कारण किसान परेशान हैं। क्योंकि इस समय बारिश की बहुत ज्यादा जरूरत है। इस समय धान और अन्य फसल की रोपाई हो रही है। मगर बारिश का पानी न मिलने के कारण धान की फसल और अन्य फसलें सूखने के कगार पर पहुंच गई है। रमेश चंद्र, तरसेम लाल, गोपाल कुमार, जगदीश राज आदि किसानों ने इंद्र देवता से प्रार्थना की है कि बारिश दी जाए, ताकि हमारी फसल अच्छी हो सके। कुछ जगहों पर नहरी पानी न लगने के कारण मात्र बारिश के पानी पर ही किसान निर्भर होता है। संवाद
कम बारिश के बीच धान की रोपाई संपन्न
अरनिया। सिंचाई विभाग की मार व बारिश की कमी से त्रस्त किसानों की आखिरकार धान की रोपाई संपन हो गई। उल्लेखनीय है कि इस बार सिंचाई विभाग की गलत नीतियों व बारिश का पर्याप्त मात्रा में न होना, धान रोपाई को संपन्न करने के लिए चुनौती बन चुकी थी। जो एक सप्ताह तक जारी तेज व हल्की बारिश से संपन्न हो ही गई।
किसान पुरुषोत्तम लाल, दीपक सैनी, अजय कुमार, गुरदीप सिंह, मंजीत सिंह व बलदेव सिंह आदि का कहना है कि बारिश का मिजाज व सिंचाई विभाग की कार्यशैली से हमें नही लग रहा था कि इस बार हम धान रोपाई कर सकेंगे। मगर बीते एक सप्ताह में इंद्रदेव ने हम सब की धान रोपाई को संपन्न कराने में बहुत सहायता की। वहीं अब इस फसल को अंतिम पड़ाव तक पहुंचाने की चुनौती का भी हल निकल आएगा।
वहीं खेतीबाड़ी में अपने सत्तर अस्सी वर्ष दे चुके बाबू राम, जनक सिंह व अतर सिंह नामक आदि किसानों का कहना है कि इस बार ज्यादातर किसान समय पर बारिश का होने का रोना रो रहे थे। मगर असल में धान रोपाई का समय तो अभी आया था, जिससे मात्र एक सप्ताह में ही यह कार्य संपन्न हो गया। इंद्र देव ने तो सही समय पर बारिश दी है। मगर किसान ही समय से पहले आगे निकलना चाहते थे। जो शायद भगवान को भी गंवारा नहीं था।