विजयपुर। मंगलवार को हुई तेज बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। क्षेत्र के बाना सिंह, मखन लाल, सुधीर शर्मा आदि लोगों ने कहा कि कुछ दिन से तेज गर्मी होने के कारण मक्खी, मच्छर में इजाफा हो गया था। क्षेत्र में हुई बारिश के कारण लोगों के साथ-साथ पक्षियों, पशुओं आदि ने राहत की सांस ली है। बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। हर वर्ग में खुशी है। बारिश से किसानों को भी राहत मिली है।
गर्मी की मार झेल रहे लोगों को मिली राहत
अरनिया। क्षेत्र में मंगलवार को पूरे दिन छाए बादलों से मौसम सुहावना होने लगा। वहीं हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। बीते करीब दो सप्ताह से गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिल ही गई। धर्म पाल, प्रकाश चंद, फ़क़ीर चंद, त्रिलोक सिंह व बिशन दास ने बताया कि कुछ दिन से तेज गर्मी के कारण जीना मुहाल था। मक्खी, मच्छर से भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस बारिश से मक्खी, मच्छर में कमी आ गई है। हालांकि सुबह करीब ग्यारह बजे तक गर्मी से बुरा हाल था। उसके बाद छाए बादलों से मौसम सुहावना व गर्ज के साथ बारिश से काफी राहत मिली। संवाद
बारिश ने रोकी गेहूं की कटाई, किसान चिंतित
परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल में मंगलवार को हुई हल्की बारिश से गेहूं की कटाई का काम रुक गया। कटाई का काम रुकने से किसान वर्ग ने चिंता जताई है। किसानों का कहना है कि अगर थोड़े दिन और मौसम साफ रहता तो वह अपनी फसल की कटाई खत्म कर देते। हालांकि बारिश इतनी ज्यादा तो नहीं हुई, लेकिन गेहूं की कटाई रोकने के लिए यह बारिश काफी थी। किसान गार सिंह का कहना था कि अब फसल में नमी आने के बाद या अच्छी तरह सूखने के बाद ही कटाई का काम शुरू हो पाएगा, जिसको लेकर किसान वर्ग ने चिंता जताई है। संवाद