विजयपुर। कंडी क्षेत्र के राया, सुचानी, बगुना, थलोडी, वदवाल, कमीला, नगरोटा आदि में शुक्रवार की रात हुई मूसलाधार बारिश से किसान काफी खुश नजर आए। क्योंकि यहां नहरी पानी की सुविधा न होने के कारण मात्र बारिश के पानी पर ही निर्भर रहते हैं। इस कारण इस बारिश से कंडी क्षेत्र के सुभाष सिंह, रमेश कुमार, प्रदीप कुमार, भजनलाल, देवराज आदि ने बताया कि अब हम मक्की, बाजरा आदि फसल की बिजाई कर सकेंगे। क्योंकि इस बारिश से जमीन को पानी मिल गया है। कई दिन से पड़ रही गर्मी के कारण मौसम में भी काफी गिरावट आई है और गर्मी से निजात मिली है। क्योंकि गर्मी और बिजली कटौती के कारण जनता को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। संवाद
-------
बारिश से अखनूर में तापमान गिरा
अखनूर। क्षेत्र में शुक्रवार रात बारिश और ठंडी हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया। एक सप्ताह से गर्मी से लोगों को राहत मिली। सीमावर्ती क्षेत्र में शनिवार को भी सुबह बारिश होने से मौसम काफी बदल गया। इस पर तापमान गिर गया। मौसम में आए बदलाव से लोगों का कहना है कि वर्तमान समय गर्मी से लोगों को बड़ी परेशानी का समाना करना पड़ता था। मगर बारिश होने पर लोगों को राहत मिली है। फसल की बुआई के लिए भी बारिश कारगर साबित होगी। कई क्षेत्रों में किसानों ने मक्की, बाजार फसल लगाने के लिए बुआई शुरू कर दी है। संवाद
-------
सड़क पर वाहन चलाना हुआ मुश्किल
ज्यौड़ियां। बारिश का पानी ज्यौड़ियां-पलांवाला रोड पर भर गया। इससे वाहनों को चलाना मुश्किल गया है। पलांवाला से ज्यौड़ियां निजी वाहन से जा रहे वाहन चालक सुरेश कुमार ने बताया कि हम कई साल से इस खस्ताहाल सड़क का सामना कर रहे हैं। सरकार का इस सड़क की तरफ ध्यान नहीं है। वहीं गांव मट्टू निवासी करनैल सिंह, गांव चक मलाल निवासी राजेंद्र सिंह तथा गांव खौड़ निवासी तरसेम लाल ने बताया कि इस सड़क की मरम्मत की ग्रेफ विभाग के अधिकारियों से कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन इस सड़क की मरम्मत करने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है। संवाद
----------
सुबह हुई बारिश से कई वार्डों में जलभराव
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। बारिश के चलते कस्बे के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। वार्ड-एक के अजय कुमार ने कहा कि एक घंटे की बारिश से पानी की निकासी सही नहीं होने पर लोगों को आने-जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि म्यूनिसिपल कमेटी की कारगुजारी है कि नालों की सफाई नहीं कराने पर पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। कांग्रेस नेता करण भगत ने कहा कि अगर चार-पांच घंटे बारिश हो तो पूरे कस्बे की क्या हालत होगी। उन्होंने कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो वर्ष बीत जाने के बाद अभी तक भी कस्बे में पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में कस्बे में क्या हालत होंगे। इसके लिए कमेटी को कारगर कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
------------
हल्की बारिश ने बढ़ाई चिंता, मॉस की फसल को नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। क्षेत्र में शुक्रवार देर रात से हो रही हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के बाद मौसम सुहाना बना हुआ है। खेतों में बीजी गई मूंग, मॉस और मक्की की फसल को नुकसान पहुंचने पर किसानों को चिंता में डाल दिया है।
शुक्रवार देर रात पौने तीन बजे से हो रही बारिश शनिवार देर शाम खबर लिखे जाने तक जारी रही। हालांकि सुबह करीब साढे़ नौ बजे बारिश ने हल्की बूंदाबांदी का रूप ले लिया जो सारा दिन जारी रहा। तिलक राज, गुरदीप सिंह, गार चंद, मोहन लाल व मोहिंदर सिंह किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश के चलते इस बार गेहूं फसल की जगह मूंग, मॉस व मक्की फसल की बिजाई की थी, जिसे अब काटा जा रहा था, मगर बारिश ने इन फसलों को बरबाद कर दिया।
हालांकि खेतों में खड़ी इन फसलों को मामूली नुकसान पहुंचा है, एक दो दिन पहले खेतों में कटी पड़ी फसल पूरी तरह भीगने के बाद खराब हो गई है, जिससे एक बार फिर से हमें नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों के अनुसार खासतौर से मूंग, मॉस की फसल को काट कर एक दो दिन तक तेज धूप में सुखाना पड़ता है। इस बीच अगर बारिश से भीग जाए तो पूरी तरह से तबाह हो जाती है।