संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। खौड़ और ज्यौड़ियां के कंडी क्षेत्र के किसानों द्वारा बीजी गई गेहूं तथा सरसों की फसल के लिए बारिश वरदान साबित हुई है। किसानों के अनुसार उनकी फसल सूखने के कगार पर थी। कंडी क्षेत्र के गांव जड, सोहल, ढोक खालसा, ढांगरी, नरायाणा, सेलांवाली, कलीठ, खडाह, बली, सेड आदि गावों के किसान शाम लाल, सतपाल, मोन सिंह, वरेयाम दास, गगन राम, कस्तूरी लाल, नंबरदार ठाकुर सिंह सहित अन्य कई लोगों ने बताया कि हम कंडी क्षेत्र के किसानों ने 60 प्रतिशत ही फसल बीजी हैं। पिछले कुछ साल से समय-समय पर फसल की जरूरत के अनुसार बारिश नहीं हो रही है। इससे हम लोगों को फसल से नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हम लोग अपनी पूरी जमीन में फसल नहीं बीजते हैं, और जो भी हमने बीजी थी, वह भी एक माह से बारिश नहीं होने से मुर्झा रही थी। बारिश नहीं होने से खेतों में से नमी भी खत्म हो गई थी, और फसलों के पौधों की लंबाई बढ़ना रुक गई थी, जिसके लिए दो दिन से हो रही बूंदाबांदी फसलों के लिए वरदान साबित होगी। इससे कंडी क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल गये हैं। किसान इंद्र सिंह, जीत डोगरा तथा तरसेम लाल सहित कई किसानों ने बताया कि हमारी फसलों के पौधों की लंबाई बढ़ना रुक गई थी। क्योंकि उन्हें सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा था, और हमें बहुत ही जल्द खाद की जरूरत हैं जो बाजार से नहीं मिल रही है।