रेल मंत्रालय से आदेश मिलने के बाद रेलवे स्टेशन और ट्रेेनों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रेलवे ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। रेलवे अधिकारी ट्रेनों के अंदर व स्टेशन पर सफाई व्यवस्था की जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। रिपोर्ट छह फरवरी को रेल मंत्रालय को भेजी जाएगी।
शुक्रवार को डीटीएम जम्मू ने उधमपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया है। अन्य अधिकारियों ने शालीमार, अंडमान एक्सप्रेस और हेमकुंठ एक्सप्रेस की साफ सफाई की जांच की। केंद्र सरकार के आम बजट में रेलवे स्टेशनों की सफाई व्यवस्था पर विशेष तौर पर ध्यान दिया गया है।
इसके साथ एक फरवरी से विशेष जांच अभियान भी छेड़ा गया। इसके लिए फिरोजपुर डिवीजन के अधिकारी भी जुटे हैं। डीटीएम नवीन कुमार ने टीम के साथ उधमपुर रेलवे स्टेशन में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और रिपोर्ट तैयार की। शनिवार को डीटीएम जम्मू रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे।