- एचएचटी में जुड़ी एचआरएमएस वैलिडेशन सुविधा, मौके पर होगी पास की जांच
- नया वर्जन 2.9.0 जारी, सभी क्षेत्रीय रेलवे को इस्तेमाल व फीडबैक देने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रेलवे ने ई-पास की जांच व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब टिकट चेकिंग के दौरान हैंड हेल्ड टर्मिनल (एचएचटी) एप के माध्यम ई-पास को मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) से वैलिडेट किया जा सकेगा। रेलवे बोर्ड ने नई सुविधा को सभी जोनल रेलवे में लागू करने के निर्देश दिए हैं।
क्रिस ने रेलवे बोर्ड को सितंबर में भेजे पत्रों के जरिए एचएचटी एप में ई-पास को एचआरएमएस से वैलिडेट करने की सुविधा जोड़े जाने की जानकारी दी थी। इसका बीटा रिलीज वर्जन 2.9.0 तीन सितंबर को जारी किया गया।
नई व्यवस्था के तहत टिकट चेकिंग स्टाफ एचएचटी के माध्यम से ई-पास की एचआरएमएस आधारित वैधता जांच सकेगा। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को सुविधा का इस्तेमाल शुरू करने और इसके बाद प्राप्त फीडबैक क्रिस को भेजने के निर्देश दिए हैं। किसी तकनीकी सुधार की जरूरत होने पर उसकी जानकारी भी क्रिस को देने को कहा गया है।
संबंधित कर्मचारियों को नई सुविधा के इस्तेमाल के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने के लिए भी कहा गया है। यह आदेश पिछले दिनों संयुक्त निदेशक ट्रैफिक कॉमर्शियल शेबा की ओर से जारी किया गया है।