जम्मू। रेलवे में पॉइंट्समैन के 5058 पदों पर पूर्व सैनिकों को संविदा पर नियुक्त करने के आदेश का नॉर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन ने विरोध किया है। यूनियन ने डीआरएम को पत्र लिखकर कहा है कि सेवानिवृत्त कर्मियों की बजाय इच्छुक नियमित कर्मचारियों से काम लिया जाए।
रेलवे बोर्ड ने 10 दिसंबर 2025 को सभी क्षेत्रीय रेलवे को पत्र जारी कर कहा था कि यदि पॉइंट्समैन की कमी हो और परिचालन के लिए रिक्त पदों को भरने की तत्काल आवश्यकता हो तो केंद्र या राज्य सरकार के अधीन पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड की मदद ली जाए। उनके माध्यम से संविदा पर पूर्व सैनिकों को नियुक्त किया जा सकता है। संविदा पर पूर्व सैनिकों की नियुक्ति 31 दिसंबर 2026 तक वैध होगी।
बोर्ड की अनुमति के बाद विस्तार भी किया जा सकता है। पत्र में मंडल सचिव शिव दत्त ने कहा कि रेल संचालन से संबंधित आवश्यक श्रेणियों में सेवानिवृत्त कर्मियों को नियमित पदों पर दोबारा नियुक्त करना स्वीकार्य नहीं है। सुरक्षित ट्रेन संचालन के हित में नियमित कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए प्रक्रिया में तेजी लाने की आवश्यकता है।