अनंतनाग में दुकानों में खराब अंडों की सप्लाई करने के बाद थोक सप्लायर्स के गोदामों छापे मारे जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को जम्मू संभाग के सभी 10 जिलों में डिप्टी कमिश्नर खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापे मार कर नमूने भरे हैं। अधिकारियों का कहना था कि रात आठ बजे तक हुई कार्रवाई के बाद दुकानदारों और थोक सप्लायरों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
डिप्टी कमिश्नर खाद्य सुरक्षा मदन मगोत्रा ने बताया कि श्रीनगर में खराब अंडों की सप्लाई के बाद जम्मू में सतर्कता बरती जा रही है। निर्देशों के बाद सभी जिलों में टीमों ने अलग-अलग बाजारों, थोक सप्लायरों के प्रतिष्ठानों में नमूने एकत्र किए हैं।
आमजन के स्वास्थ्य को देखते हुए विभाग बड़ी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रहा है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। शनिवार को भी बड़े स्तर पर अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया है।
एडवाइजरी जारी, जब्त चीजों को सही तरीके से करें निस्तारित
विभाग की तरफ से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि आमजन के स्वास्थ्य को देखते हुए एक्सपायर, रिजेक्टेड या जब्त की गई खाद्य सामग्री को नियमों के तहत निस्तारित किया जाएगा। पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए यह बहुत जरूरी है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से पहले ही 21 दिसंबर 2020 की गाइडलाइन में निर्देश जारी किए गए थे। इसमें बताया था कि किसी भी हालत में जब्त, रिजेक्ट या एक्सपायर हो चुकी खाने की चीजों को पैकेजिंग समेत नदियों, झीलों या जमीन में नहीं फेंकना है। निगम, पंचायत की टीमों के साथ मिलकर निस्तारण करना है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के नियमों के तहत प्रयोग में लाई गई जगह का रिकार्ड रखें।