प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद नहीं हुआ समाधान, लोगों ने जताई नाराजगी
पुरमंडल। पुरमंडल क्षेत्र में संचालित ई-बस सेवा पिछले दो महीनों से ठप पड़ी है। इससे आम जनता, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस चालक यात्रियों को पुरमंडल से करीब तीन किलोमीटर पहले ही यह कहकर उतार देते हैं कि आगे की सड़क खराब है। हैरानी की बात यह है कि इसी सड़क से अन्य वाहन कार, बाइक और जीप बिना किसी कठिनाई के गुजर रहे हैं।
स्थानीय निवासी हेम राज शर्मा, गोपाल शर्मा और गोविंद राम शर्मा ने बताया कि हमने कई बार परिवहन विभाग को शिकायत दी लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। रोज बच्चों को स्कूल और लोगों को दफ्तर जाने में दिक्कत हो रही है।
छात्राओं ने कहा कि हम रोज बस का इंतजार करते हैं, लेकिन ड्राइवर बीच रास्ते में उतार देता है और हमें पैदल चलकर जाना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द ई-बस सेवा को सुचारु रूप से चालू किया जाए।