जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद होने वाले सीआरपीएफ जवानों के लिए स्टेट बैंक आफ इंडिया ने विशेष पहल की है। शहीद होने वाले सभी जवान डिफेंस सैलरी पैकेज के तहत एसबीआई के उपभोक्ता थे।
सभी का 30-30 लाख रुपये का बीमा हुआ था। बीमा राशि जल्द जारी करने के लिए एसबीआई ने कवायद शुरू कर दी है।
साथ ही यह भी बताया गया कि 23 शहीद जवानों ने बैंक से लोन ले रखा था। एसबीआई प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि इन जवानों के परिवार से लोन का बचा पैसा नहीं लेगा। बचा लोन माफ कर दिया गया।
प्रबंधन ने अपने कर्मियों से यह भी अपील की है कि वह गृह मंत्रालय के पोर्टल भारत के वीर में वालंटियर तौर पर अपना योगदान दें।
बैंक के चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा कि जवानों की जिंदगी का नुकसान कोई पूरा नहीं कर सकता, लेकिन हम उनके परिवारों के लिए जरूर कुछ कर सकते हैं। बैंक की तरफ से यह बहुत ही छोटा सा योगदान है। इससे परिवारों के खोए हुए लाल तो वापस नहीं आएंगे, लेकिन बैंक उनकी दुख की घड़ी में साथ देने की कोशिश कर रहा है।