जम्मू-पुलवामा के लेथपोरा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले को लेकर एनआईए की एक विशेष टीम डीजी एनआईए योगेश चंद्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार को श्रीनगर पहुंची। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया। साथ ही घटना को लेकर पुन: मामला दर्ज किया है। एनआईए की विशेष टीम में दो आईजी, एक डीआईजी और एक एसपी रैंक के अधिकारी शामिल हैं।
एनआईए के आईजी आलोक मित्तल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि डीजी एनआईए पुलवामा के लेथपोरा स्थित घटना स्थल पर गए। सीआरपीएफ और पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें अब तक की जांच में हुई प्रगति के बारे में बताया। मित्तल ने बताया कि एनआईए ने पुलवामा हमले को लेकर पुन: मामला दर्ज किया है।
आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की ओर से 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हमले को लेकर पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। वारदात के एक दिन बाद दिल्ली से एनआईए की 12 सदस्यीय टीम श्रीनगर पहुंच गई और दो दिन तक घटनास्थल से सुबूत इकट्ठा किए। तब से टीम श्रीनगर में ही मौजूद है।
मारुति सुजुकी की टीम भी मौके पर
सूत्रों के अनुसार, मारुति सुजुकी के इंजीनियर्स की भी एक टीम श्रीनगर में मौजूद है। जो एनआईए को जांच में सहयोग कर रही है। सूत्रों की मानें तो एनआईए को घटना स्थल से एक प्लेट मिली है जिस पर कुछ नंबर लिखे हैं। इंजीनियर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस गाड़ी की मैन्युफैक्चरिंग कब हुई, किस शोरूम को गाड़ी दी गई थी और किस को बेची गई। बता दें कि यह बात सामने आने के बाद कि हमले में लाल रंग की मारुति इको वैन का इस्तेमाल हुआ है मारुति सुजुकी के इंजीनियर्स की टीम मौके पर भेजी गई है।