आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने अपने चरफुटिया आतंकी कमांडर नूर मोहम्मद त्राली के मारे जाने का बदला लेने के इरादे से सुरक्षा बलों पर हमले कि साजिश रची। जिसके तहत ही जैश के तीन आत्मघाती रविवार तड़के करीब 2 बजे पुलवामा के लेथपोरा स्थित 185 सीआरपीएफ बटालियन के ट्रेनिंग सेंटर में घुस गए।
घुसते ही आतंकियों ने पहले ग्रेनेड से हमला किया और इसके बाद ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। मुठभेड़ के दौरान अब तक दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया है जबकि जवाबी कार्रवाई में पांच जवान भी शहीद हो गए हैं।
बता दें कि 26 दिसंबर को पुलवामा जिले के सेम्पोरा में हुई मुठभेड़ में मारा गया आतंकी नूर मोहम्मद तांत्रे श्रीनगर एयरपोर्ट और उड़ी हमले में भी शामिल रह चुका है। कद काठी में ठिगना सा दिखने वाला आतंकी नूर घाटी में अन्य कई हमलों को अंजाम दे चुका है।
नूर को जैश ने दक्षिण कश्मीर का कमांडर बनाया था। जिसके मारे जाने के बाद बुरी तरह बौखलाए जैश-ए-मोहम्मद ने सुरक्षा बलों पर किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश रची। आतंकी संगठन जैश का कहना है कि ये फिदायीन हमला उनके दक्षिण कश्मीर के कमांडर नूर त्राली की मौत का बदला लेने के लिए किया गया है।