परगवाल। चिनाब नदी पर 206 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का सपना संजोए बैठे परगवाल के लोगों का सपना पूरा होने में शायद अभी और वक्त लगेगा। इसके विपरीत सेना ने चिनाब नदी पर लोगों की सुविधा के लिए अस्थायी पुल का निर्माण कर लोगों को राहत जरूर दी है। कुछ दिन से अस्थायी पुल के निर्माण की आस लगाए बैठे परगवाल के लोगों के लिए मंगलवार का दिन कुछ राहत लेकर आया, क्योंकि सेना ने चिनाब नदी पर बनाए इस अस्थायी पुल को लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया, जिससे लोगों ने खुशी जताई है। छंब विधानसभा क्षेत्र के दो ब्लाकों को जोड़ने वाले इस अस्थायी पुल के बन जाने से परगवाल के लोगों को अब अपने विधानसभा क्षेत्र खौड़ पहुंचने के लिए लंवे सफर के साथ-साथ पैसों और समय की बचत भी होगी। इससे पहले लोगों को खौड़ पहुंचने के लिए अखनूर से होकर गुजरना पड़ता था, जिसके लिए उनको करीब 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। अब इस पुल के बन जाने से ये सफर मात्र दस किलोमीटर रह जाएगा।
सेना की इंजीनियर रेजिमेंट द्वारा बनाया गया यह अस्थायी पुल हर साल पानी कम होने की स्थिति में करीब तीन से चार माह रहता है, जिसका सीधा फायदा परगवाल के करीब 25 हजार आबादी को मिलता है। इस पुल के बनने का लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं। पुल बन जाने से क्षेत्र के लोगों ने सेना का धन्यवाद करते हुए कहा कि सेना सरहद पर हमारी रक्षा के साथ-साथ हमारी सभी प्रकार की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमेशा तैयार रहती है।