अखनूर। कोरोना महामारी के चलते देशव्यापी लॉकडाउन की संभावना पर सीमावर्ती क्षेत्रों से प्रवासी मजदूरों ने पलायन करना शुरू कर दिया है। इस समस्या से बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर पहले ही पलायन कर चुके हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर रोजी रोटी के लिए मजदूरी करते है। लेकिन, कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से लंबे लॉकडाउन की संभावना और मजदूरी कार्य कम मिलने पर प्रवासी मजदूरों ने पलायन करना शुरू कर दिया है। मजदूर चरणपाल ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी से अब क्षेत्र में काम नहीं मिल रहा है। बड़ी संख्या में मजदूर परिवार पहले भी पलायन कर चुके हैं और वही समस्या फिर से शुरू हो गई है। एक और मजदूर राजम देव ने बताया कि क्षेत्र में काम न मिलने से भुखमरी की स्थित बन गई है। इसलिए, घरों को लौटना ही बेहतर है। वहां कम से कम खाना तो मिलेगा।