पीडीपी की अध्यक्ष एवं सांसद महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि हाल ही के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी को मिले भारी जनादेश के बाद बड़ी संख्या में अन्य दलों के कार्यकर्ता पीडीपी में शामिल होने लगे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व पीडीपी को मिल रहे जनसमर्थन ने नेकां के खेमे में बौखलाहट पैदा कर दी है।
वह बुधवार को बडगाम जिले में पार्टी कार्यकर्त्ताओं की एक बैठक में बोल रहीं थीं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास राज्य की गठबंधन सरकार से उठ चुका है और लोकसभा चुनाव के बाद लोग पीडीपी की तरफ एक उम्मीद के साथ देख रहे हैं। जनता इस सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है और निजात हासिल करने के लिए उनका विश्वास पीडीपी में बढ़ने लगा है।
अन्य दलों को छोड़ने वाले कई नेताओं ने पीडीपी में शामिल होने की घोषणा की है। पार्टी में उनका स्वागत करते हुए महबूबा ने कहा कि इन लोगों के उनके दल में शामिल होने के बाद बडगाम जिले में पार्टी का आधार अधिक मजबूत होगा। शामिल होने वाले नेताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों को पसंद करने के बाद वह पीडीपी में शामिल हुए हैं।