कश्मीर के कई हिस्सों में आज ईद-उल-फितर की नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन हुए। पुलिस के मुताबिक ये प्रदर्शन इस्राइली हमलों के खिलाफ किए गए हैं।
ईद की नमाज के तुरंत बाद श्रीनगर के हैदरपोरा और मौलाना आजाद रोड पर युवकों के समूह ने पथराव किया और भारत विरोधी नारे लगाए।
पुलिस ने बताया कि बारामूला, पट्टन, अनंतनाग में भी प्रदर्शन और पत्थरबाजी की खबरें आ रही हैं। अनंतनाग के जंगलात मंडी इलाके और शोपियां से इसी तरह की घटना की सूचना मिली।
अलगाववादी नेता मीर वाइज और सैय्यद शाह गिलानी नजरबंद
श्रीनगर ईदगाह के बाहर पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर आंसूगैस के गोले दागे और हवा में फायरिंग भी करनी पड़ी। इस दौरान 12 लोगों के घायल होने की खबर आ रही है।
वहीं पट्टन में हुए विरोध प्रदर्शन में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया है। घाटी में कई जगह आईएसआईएस के झंडे लहराए जाने की भी खबर आ रही है।
पुलिस ने कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अलगाववादी नेता मीर वाइज और सैय्यद शाह गिलानी को नजरबंद कर दिया है।
घाटी में इस्रराइल विरोधी प्रदर्शन
पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए श्रीनगर में कई बार आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। कई लोगों को चोटें भी आई हैं।
ये प्रदर्शनकारी लगातार इस्रराइल विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से घाटी में इस्रराइल विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं।
पुलिस और सुरक्षाबलों ने शहर में सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षाव्यवस्था कड़ी कर दी है और कई जगहों पर अतरिक्त पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है।