पिछले तीन दिनों से आतंकी बुरहान वानी की मौत पर अशांत घाटी में मंगलवार को पुलवामा में दो पुलिस चौकी को भीड़ ने फूंक दी। एक चौकी से हथियार लूटे जाने की भी सूचना है। श्रीनगर सहित दक्षिणी कश्मीर के चार जिलों के 11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू है।
बुरहान की चौथी होने की वजह से सुरक्षा बल काफी चौकस रहा, लेकिन पाबंदियों को किनारे करते हुए हजारों लोग त्राल स्थित उसके आवास पर पहुंच गए। बिजबिहाड़ा में एक युवक की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा 32 तक पहुंच गया है। लगभग डेढ़ हजार लोग घायल हुए हैं। मोबाइल इंटरनेट तथा रेल सेवा चौथे दिन भी ठप रही।
पुलवामा जिले के लोसीपोरा तथा रोहामू पुलिस चौकी पर युवकों ने हमला बोल दिया। उन्होंने इसे आग के हवाले कर दिया। इन्हीं में से एक पुलिस चौकी से हथियार लेकर भागने की भी सूचना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में पुलिस फायरिंग में घायल एक युवक की सोमवार को देर रात श्रीनगर के अस्पताल में मौत हो गई। दक्षिणी कश्मीर के दमहाल हांजीपोरा पुलिस थाने पर भीड़ के हमले के बाद से लापता तीन पुलिसकर्मियों का अब तक पता नहीं चल पाया है। साथ ही यहां से गायब हथियार का भी सुराग नहीं मिला है।