सड़क मार्ग को ले कर नारेबाजी करते हुए ग्रामीण।
- फोटो : REASI
पौनी। तहसील के कोठियां से गोड़ा गांव तक बनाई जा रही सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी खड़ी कर रही है। सड़क बनने से ग्रामीण खुश हैं, लेकिन उसके साथ नाली नहीं बनाए जाने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला पानी लगातार उनके खेतों में जाता रहता है, जिससे वह खेतों में कुछ उगा नहीं पा रहे।
ग्रामीण जगदीश कुमार, कस्तूरी लाल, ठाकुर दास, अजय शर्मा, बलवंत राज, चमन लाल ने बताया कि सड़क किनारे नाली न होने से बारिश व सड़क के निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहा पानी उनके खेेतों में जाता है। पानी के लगातार खेतों में जाने से कुछ भी उगा पाने में वे असमर्थ हैं। उनका मुख्य पेशा खेतीबाड़ी है, जिससे उनका परिवार चलता है। अगर ऐसे ही उनके खेतों में पानी जाता रहा तो वह खेतों में कुछ नहीं उगा पाएंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क किनारे नाली का निर्माण कर जलनिकासी का सही उपाय किया जाए। ग्रामीणों के मुताबिक जब तक उनके क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौके पर होते हैं, काम बंद रखा जाता है। उनके जाने के तुरंत बाद ही जेसीबी लगा दी जाती है। मौके पर ग्रामीणों ने तानाशाही नहीं चलेगी, मनमानी नहीं चलेगी के नारे लगाए। कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह मार्ग को बंद कर देंगे।