उधमपुर: रामबन में लगा गाड़ियों का लंबा जाम.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामबन। रामबन के मेहाड़, कैफेटेरिया मोड़ में बार बार पस्सियां गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात से रविवार शाम तक यातायात प्रभावित होता रहा। इसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मरम्मत कार्य के चलते करीब पांच घंटे राजमार्ग को बंद भी रखा गया। हालांकि, इस दौरान उधमपुर में वाहनों को नहीं रोका गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार से वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। शनिवार को करीब 10 घंटे तक राजमार्ग बंद रहा था। शनिवार देर रात करीब 10 बजे मेहाड़ में पस्सियां गिरने पर राजमार्ग फिर बंद हो गया, और करीब दो घंटे के बाद रात करीब 12 बजे खोल दिया गया। रविवार तड़के करीब तीन बजे मरम्मत के कार्य के चलते राजमार्ग को बंद किया, और पांच घंटे मरम्मत के कार्य के बाद सुबह करीब आठ बजे राजमार्ग खोला दिया।
इसके बाद रामबन के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश शुरू हो गई और दोपहर करीब 12 बजे मेहाड़ में फिर से पस्सियां गिरने पर राजमार्ग बंद हो गया। दोपहर एक बजे राजमार्ग खुल गया था। इसके बाद शाम तक राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पस्सियां गिरने पर राजमार्ग बंद हो जाता और फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी की मशीनरी मलबा हटाकर राजमार्ग खोल देती। इसी कारण सुबह से रात तक राजमार्ग पर जाम लगा रहा, और रेंग रेंग कर वाहन चलने रहे।
राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होने के बावजूद पुलिस ने उधमपुर में वाहनों को नहीं रोका। शनिवार को राजमार्ग बंद होने पर रोके गए ट्रकों को पुलिस ने देर रात को घाटी की तरफ रवाना कर दिया था। बार बार राजमार्ग बंद होने और घंटों जाम में फंसे होने के कारण यात्रियों को दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा।