जम्मू। बाहु फोर्ट में बिजली और पानी की किल्लत को लेकर बुधवार को लोगों ने प्रदर्शन कर संबंधित विभागों की लचर कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जलशक्ति विभाग ट्यूबवेल की मरम्मत नहीं करवा रहा है। इससे इलाके में पानी की किल्लत है। टैंकर से भी पानी मंगवाना पड़ रहा है।
बिजली कटौती भी लगातार जारी है, जिसका समाधान नहीं हो पा रहा। कहा कि हर माह बिल चुकाने के बाद भी बिजली-पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। प्रदर्शनकारियों ने विभागों के खिलाफ नारेबाजी की।
चेतावनी दी कि जल्द समस्या हल नहीं हुई तो धरना शुरू कर देंगे। वार्ड 47 की पार्षद शारदा कुमारी ने कहा कि पानी आने का कोई तय समय नहीं है। किसी मोहल्ले में 20 तो कहीं आधा घंटा ही दिन में नलों में पानी मिल पा रहा है।