बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने बाहु विधानसभा क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। स्रोत :
- फोटो : self
- प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला के नेतृत्व में बाहु में किया प्रदर्शन
- बोले, भाजपा के अच्छे दिन की बजाय महंगाई खतरनाक स्तर पर पहुंच गई
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के विरोध में मंगलवार को बाहु विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई से त्रस्त लोेगों को राहत देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां और बैनर ले रखे थे, जिन पर आम परिवारों, किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और वेतनभोगी कर्मचारियों पर बढ़ते वित्तीय बोझ संबंधी नारे लिखे हुए थे।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की अमीर समर्थक और गरीब विरोधी आर्थिक नीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम है। कहा कि भाजपा ने आम आदमी को अच्छे दिन और राहत देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि महंगाई खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। समाज का हर वर्ग पीड़ित है। घरेलू बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। लोगों को अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार से ईंधन पर टैक्स कम करने, बाजार नियंत्रण तंत्र को मजबूत करने और उपभोक्ताओं को बढ़ती कीमतों से बचाने के लिए उपाय लागू करने का आग्रह किया। कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त की। इस दौरान बाहु विधानसभा के प्रभारी सतीश शर्मा, योगेश साहनी, जम्मू शहरी क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह, इकबाल डार, भविष्य सूदन, सुरेश बंगोत्रा, राहुल सलोत्रा आदि माैजूद रहे।
-