श्रीनगर। अवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) के कार्यकर्ताओं ने सांसद एवं पार्टी प्रमुख इंजीनियर रशीद की रिहाई की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं ने लाल चौक के प्रताप पार्क के पास धरने के लिए जिला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भूख हड़ताल पर बैठने का फैसला किया।
शुक्रवार को लाल चौक की ओर कूच कर रहे इंजीनियर रशीद के बेटे अबरार सहित अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें कोठीबाग पुलिस थाने में रखा गया। अबरार ने प्रेसवार्ता में कहा कि उनके पिता को संसद सत्र में शामिल न होने देना लोकतंत्र की हत्या है। उन्हें साढ़े पांच साल से जेल में रखा गया है।