बिजली के अधिक बिल आने और ग्रिड स्टेशन खोलने की मांग को लेकर राजोरी के ख्वास मे ज़ोरदार प्रदर्शन
कहा - वर्ष 1996 में ग्रिड स्टेशन की घाेषणा हुई थी, आज तक नहीं बना
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जिले के ख्वास तहसील मुख्यालय के लोगों ने मंगलवार को जिला प्रशासन, बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकरियों ने रोष रैली निकालकर नारेबाजी की। बताया कि पिछले कुछ महीनों से उनको बिजली के ज्यादा बिल आ रहे हैं। कई-कई दिन बिजली गुल रहती है। बावजूद इसके महीने का बिल थमाया जा रहा है। क्षेत्र के अधिकतर लोग गरीबी रेखा से नीचे के हैं और जितने अधिक बिल आते हैं उतने बिल भुगतान करना संभव नहीं।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1996 में ख्वास में ग्रिड स्टेशन की स्थापना करने की घोषणा की गई थी लेकिन ढाई दशक बीत जाने के बाद भी इसे स्थापित नहीं किया गया। तहसील मुख्यालय में जो सुविधा होनी चाहिए वह नहीं दी गई और घनी आबादी वाले क्षेत्र को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने डीसी, एडीसी कोटरंका और तहसीलदार ख्वास को चेतावनी दी कि जल्द मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू कर देंगे।