जम्मू। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या और लूटपाट के विरोध में बुधवार को प्रदेश भाजपा ने मंडल स्तर पर प्रदर्शन किए। भाजपा ने प्रदेश में 158 स्थानों पर प्रदर्शन करने का दावा किया है।
पुरानी मंडी में महासचिव संगठन अशोक कौल और उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी के अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। इसमें पश्चिम बंगाल हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देकर ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी की। कौल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुंडा तत्वों को उकसाने का काम कर रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। युद्धवीर सेठी ने केंद्र सरकार से मांग की कि पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध करें। मौके पर मंडल अध्यक्ष प्रवीण केरनी, राजिंद्र सिक्का, विपिन शर्मा, अरुण सेठी, सुधीर आनंद, सुभाष आनंद आदि भी शामिल रहे।