जम्मू। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बुधवार को नशे की बड़ी खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। नरवाल में कश्मीर से आ रहे एक ट्रक से 32 किलो गांजा बरामद किया गया है। एएनटीएफ की टीम ने कश्मीर से आए ट्रंक (जेके05ई 3859) को नरवाल में रोककर तलाशी ली, इसमें नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान गांदरबल के रहने वाले आरिफ नजीर और जाहिद मंजूर के रूप में हुई, जो ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर हैं। ट्रक में सेब लदा हुआ था। सेब की पेटियों की जब तलाशी ली गई तो दो पेटियों में से 32 किलो गांजा बरामद हुआ जो अलग-अलग पैकेट में रखा गया था। आरोपियों ने बताया कि यह गांजा मुंबई ले जाना था। एएनटीएफ ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक भी जब्त कर लिया गया है।