जम्मू। सिद्दड़ा बाईपास रोड पर नगर निगम और प्रशासन की कार्रवाई से नाखुश रेस्तरां संचालकों ने परिवारों को साथ लेकर सड़क पर जाम लगा दिया।
रेस्तरां और भूमि मालिकों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने गुपचुप तरीके से यह कार्रवाई की है। इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। पहले जिला प्रशासन ने प्रतिष्ठान बंद करवाए। इसके बाद नगर निगम ने कार्रवाई कर 30 से ज्यादा रेस्तरां को बंद करवा दिया।
अब नगर निगम ने इस भूमि को सरकारी बताकर कब्जा कर लिया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अब मामले को हाईकोर्ट में लेकर जाएंगे। आरोप लगाया कि प्रशासन ने अपना फायदा देखा है, लोकहित में कोई फैसला नहीं लिया। इस कारण अब रेस्तरां मालिक सड़कों पर आ गए हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर यातायात बहाल करवाया।
-------
दिनभर ट्रकों में सामान भरकर ले जाते रहे
कुछ रेस्तरां मालिकों ने सामान जब्त होने के डर से सामान ट्रकों में भरकर अन्य जगह शिफ्ट कर दिया। दिन भर सामान लेने जाने का काम चलता रहा। इस दौरान रेस्तरां मालिकों ने कहा कि अब सब कुछ छिन गया है। दूसरी जगह पर काम शुरू करना पड़ेगा। नगर निगम और जिला प्रशासन ने जबरन कार्रवाई कर जमीन ले ली है।
------
यातायात बंद होने से यात्री हुए परेशान
प्रदर्शन के कारण सड़क बंद होने से पठानकोट-श्रीनगर जाने वाले वाहन चालकों के साथ यात्री काफी परेशान हुए। एक घंटे तक वाहनों में ही समय व्यतीत करना पड़ा। बाद में यातायात बहाल होने पर राहत की सांस ली।