जम्मू। लंबित मांगों के समर्थन में जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों की हड़ताल जारी है। मंगलवार को कर्मचारियों ने बीसी रोड स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय के परिसर में प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि अभी तक मांगों को पूरा नहीं किया गया है। सरकार अस्थायी कर्मियों की अनदेखी कर रही है। इस जवाब अब 25 अगस्त को महारैली से दिया जाएगा।
इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारी रवि हंस, होशियार सिंह, मोहन लाल शर्मा, नवदीप सिंह और राजेंद्र सिंह ताज ने कहा कि कम मानदेय मिलने से परिवार का गुजारा चलाना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारी कई बार हड़ताल कर चुके हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। हक के लिए हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य हैं। 25 अगस्त को महारैली निकाल कर रोष जताया जाएगा।
उन्होंने प्रदर्शन के दौरान यूटी की तर्ज पर मानदेय जारी करने, दैनिक मेहनताना पांच सौ रुपये करने, 72 महा का बकाया वेतन जारी करने सहित समय अवधि पूरा कर चुके कर्मियों को जल्द नियमित करने की मांग उठाई है।