जम्मू। कश्मीरी पंडितों की मासिक राहत राशि में बढ़ोतरी की जाए। यह मांग पंडितों ने बुधवार को जगती टॉउनशिप में जगती टेनमेंट कमेटी के बैनर तले सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर उठाई है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि सरकार कश्मीरी पंडित समुदाय की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने बताया कि 32 साल से कश्मीरी पंडित विस्थापन का दंश झेल रहे हैं, लेकिन अभी तक घाटी में सुरक्षित वापसी करवाने में सरकार नाकाम रही है। बढ़ती महंगाई में 13 हजार मासिक राहत राशि से परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। लंबे समय से सरकार से राहत राशि 25 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार अनसुना कर रही है। कमेटी के अध्यक्ष शादी लाल पंडिता ने कहा कि सरकार समुदाय के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार नीति घोषित करे। सरकार न हमें रोजगार दे रही है और न राहत राशि में बढ़ोतरी कर रही है। अगर मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।