जम्मू। कश्मीर घाटी में टारगेट किलिंग का सिलसिला तेज होने के विरोध में जम्मूवासियों में जबरदस्त उबाल दिख रहा है। रविवार को विभिन्न संगठनों ने आतंकवाद के विरोध में प्रदर्शन किया। पाकिस्तान का झंडा फूंका और दहशतगर्दी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही प्रधानमंत्री से सख्त कदम उठाने की भी मांग की।
आल जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि जब से अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा हुआ हैं, तभी से कश्मीर में टारगेट किलिंग का दौर शुरू हुुआ है। अल्पसंख्यकों के अलावा अन्य राज्यों से आए श्रमिकों को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक बार फिर पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादियों के खात्मे करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक की मांग की है।
वहीं, प्रेस क्लब के बाहर पाकिस्तान का पुतला जलाकर राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने टारगेट किलिंग के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुंछ जिले में घुसपैठ करके आए आतंकवादियों का जल्द खात्मा करने की भी मांग उठाई है। अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने कहा कि पुंछ में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में कई जवान शहीद हो चुके हैं। इसलिए जल्द आतंकियों का सफाया किया जाना चाहिए। साथ ही कश्मीर में आतंकी नेटवर्क को जल्द समाप्त किया जाए। पाकिस्तान घुसपैठ करवा कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं
जम्मू। डोगरा फ्रंट शिवसेना ने टारगेट किलिंग के विरोध में रानी पार्क में प्रदर्शन किया। इस मौके पर अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि लगातार हो रही मौत मामले उच्च स्तरीय जांच की जाए। इसके साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। शांति के लिए घाटी के युवाओं को रोजगार मुहैया करवाया जाए।
केंद्र पाकिस्तान को दे सख्त जवाब
जम्मू। टारगेट किलिंग पर जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट की ओर से न्यू प्लाट में पाकिस्तान के खिलाफ रैली निकाली गई। इस दौरान अध्यक्ष सुनील डिंपल ने कहा कि बार-बार घाटी में आतंकी हमले हो रहे हैं। इससे लोगों में दहशत है। केंद्र सरकार सख्त फैसला ले और जवाब दे।