जम्मू। धर्मार्थ ट्रस्ट में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तर्ज पर बोर्ड का गठन करने और अन्य मांगों को लेकर धर्मार्थ ट्रस्ट इंप्लाइज एसोसिएशन ने शनिवार को चेन भूख हड़ताल जारी रखी। रणवीरेश्वर मंदिर के द्वार के सामने एसोसिएशन के 10 कर्मचारी शनिवार को भूख हड़ताल पर रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने ट्रस्ट प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर सरकार से ट्रस्ट के कामकाज में हस्तक्षेप करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में कर्मचारियों को उत्पीड़न होता है। कर्मचारी वेतन समेत अन्य सुविधाओं से वंचित हैं। पिछले दिनों पांच कर्मचारियों को ट्रस्ट प्रबंधन ने सेवा मुक्त कर दिया, जो कर्मचारियों के मौलिक अधिकार का हनन है। एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र शास्त्री ने कहा कि जब तक मांगों को नहीं सुना जाएगा, हड़ताल जारी रहेगी। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट प्रबंधन कर्मचारियों की अनदेखी कर ट्रस्ट की संपत्ति को लूट रहा है। ट्रस्ट को कुछ लोगों को निजी संपत्ति बना लिया है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले में जल्द से जल्द सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए।