केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता।
जम्मू। केंद्र सरकार की आतंकवादी पुनर्वास नीति की योजना के विरोध में बजरंग दल ने बुधवार को कच्ची छावनी में प्रदर्शन कर पुतला फूंका। दल के पदाधिकारी राकेश बजरंगी ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से प्रदेश के सरेंडर करने वाले आतंकियों के लिए योजना बनाई जा रही है। इसमें सरेंडर करने वाले आतंकियों को नौकरी और नकदी दी जाएगी, जो प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा है। सरकार की इस योजना से प्रदेश के युवा काफी नराज हैं। पहले से ही जम्मू-कश्मीर बेरोजगारी की मार झेल रहा है। इस योजना के आने से आतंकियों को संरक्षण मिलेगा, जिससे हर युवा बंदूक उठाने के लिए मजबूर हो जाएगा। इस मौके पर दीपक, सचिन, शेर सिंह, रोहित गुलशन, जानू, राजन, सनी आदि मौजूद रहे।
--------------------
आतंकियों के लिए पुनर्वास नीति बर्दाश्त नहीं
जम्मू। पैंथर्स पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के लिए पुनर्वास नीति के केंद्र सरकार के विचार की निंदा की है। पार्टी चेयरमैन हर्ष देव सिंह ने कहा कि सरकार का जम्मू के राष्ट्रवादी युवाओं के साथ एक और मजाक है। पार्टी ने बुधवार को सरकार की नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह भगवा पार्टी का दोहरा चेहरा है, जो एक तरफ राष्ट्र हित की बात करती है तो दूसरी तरफ राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल युवाओं के पुनर्वास की नीति पर काम कर रही है। कहा कि एक तरफ प्रदेश सरकार प्रदेश के राष्ट्रवादी युवाओं को तिरंगा फहारने पर गिरफ्तार कर रही है तो दूसरी तरफ आतंकियों के लिए पुनर्वास योजना बना रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। ब्यूरो