जम्मू। नियमितीकरण, न्यूनतम वेतन अधिनियम लागू करना, वेतन विसंगति दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर ऑल डिपार्टमेंट कैजुअल लेबर यूनाइटेड फ्रंट जम्मू संभाग के बैनर तले अस्थायी कर्मचारियो ने प्रदर्शन किया। सोमवार को मंडल आयुक्त जम्मू संजीव वर्मा के कार्यालय के बाहर एकजुट हुए कर्मचारियों ने सरकार को मागें मानने के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दे दिया। कहा, अगर मांगें नहीं मानीं तो काम छोड़ हड़ताल पर जाएंगे।
सोमवार को कर्मचारियों ने मंडल आयुक्त को मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। फ्रंट के चेयरमैन सतीश शर्मा ने कहा कि हम सरकार को दस दिन का समय दे रहे हैं। अगर हमारी मांगें नहीं मानीं तो कर्मचारी बैठक कर काम छोड़ हड़ताल पर जाने की रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हमेशा ही अस्थायी कर्मचारियों को नजरंदाज किया है। वर्तमान में सरकार के विभिन्न विभागों में 60 हजार से अधिक अस्थायी कर्मचारी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद भी हमें न्यूनतम वेतन अधिनियम कानून का लाभ नहीं मिल रहा है। इस दौरान सदस्यों ने उप-राज्यपाल से उनके मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। इस दौरान अखिल शर्मा, रवि हंस, राजेंद्र सिंह, भानू प्रताप सहित अन्य विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।