जम्मू। वेयर हाउस नेहरू मार्केट की ट्रेडर्स फेडरेशन के पदाधिकारियों ने लखनपुर टोल प्लाजा का विरोध किया। कहा कि बन और सरोर टोल प्लाजा से पहले ही लोगों को आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है, अब नए टोल प्लाजा से और परेशानी बढ़ेगी। इससे जरूरी पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी, फेडरेशन ने प्रशासन को चेतावनी दी कि लखनपुर टोल प्लाजा बंद नहीं किया तो संघर्ष शुरू कर देंगे।
बैठक में महासचिव दीपक गुप्ता ने कहा कि जम्मू में बन टोल प्लाजा और सरोर टोल प्लाजा के खिलाफ कई विरोध प्रदर्शन हुए और इनको हटाने की मांग की गई। सरकार ने नए टोल प्लाजा को शुरू करके जजिया लगाने का काम किया है। एनएएचआई की नीतियां आम आदमी की जेब लूटने का काम कर रही हैं। गुप्ता ने कहा कि इन करों के साथ आवश्यक वस्तुओं की दरें और अधिक बढ़ेंगी। जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश है और लगभग हर आवश्यक वस्तु पड़ोसी राज्यों से आती है। जब ट्रांसपोर्टरों को इस तरह के भारी करों का भुगतान करना होगा तो परिवहन व्यय बढ़ जाएगा। बैठक में प्रधान रतन लाल महाजन आदि मौजूद रहे।