जम्मू। प्रदेश सरकार पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट (पीडीडी) में काम कर रहे 870 अस्थायी कर्मचारियों को दो साल से वेतन नहीं दे पाई है। पीडीडी के निगम बनने के बाद कर्मचारियों को एनआईसी पोर्टल पर पंजीकृत करने के लिए कहा गया था, अधिकांश कर्मचारियों ने पंजीकरण करवाया है, लेकिन 870 कर्मचारी पंजीकृत नहीं हो पाए हैं। इससे इनको वेतन नहीं मिल रहा।
वीरवार को जम्मू-कश्मीर कैजुअल लेबर यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले इन कर्मचारियों ने पनामा चौक स्थिति जेपीडीसीएल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। फ्रंट के महासचिव मोहम्मद शबीर ने बताया कि कर्मचारियों के साथ बंधुआ मजदूरों की तरह व्यवहार किया जा रहा है। कर्मचारी नियमित सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन वेतन नहीं दिया जा रहा। महंगाई के इस दौरान बिना वेतन के काम करना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने जेपीडीसीएल के एमडी गुरमीत सिंह से भी मुलाकात की। उच्चाधिकारी ने आश्वासन दिया की इस मुद्दे को बिजली निगम की बोर्ड बैठक में रखेंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी मांग पूरी न होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। मौके पर कामल सिंह, रमेश, खलील अहमद, अब्दुल गनी, मोहम्मद सलीम आदि कर्मी मौजूद रहे।