जम्मू। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने रविवार को प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन कर एलजी प्रशासन से पुरानी पेंशन को बहाल करने और नई पेंशन नीति को रद्द करने की मांग उठाई है। कर्मचारियों ने कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पंजाब की तर्ज पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए।
नेशनल मूवमेंट फार ओल्ड पेंशन स्कीम (एनएमओपीएस) के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। एनएमओपीएस के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद अशरफ ने कहा कि केंद्र सरकार ने पुरानी पेंशन योजना को रद्द कर 2004 में नई योजना लागू की। जम्मू-कश्मीर में इसे 2010 में लागू किया। नए पेंशन योजना के तहत सेवानिवृत्त के बाद कर्मियों की पेंशन सिर्फ 15 सौ रुपये बन रही है। इस कारण वह भविष्य के लिए चिंतित हैं। कई राज्यों में नई पेंशन योजना को रद्द कर पुरानी को बहाल कर दिया है। कर्मचारियों ने कहा कि अगर सरकार ने मांगें नहीं मानी तो वह जिला और प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।