बिलावर। कम वोल्टेज की समस्या को लेकर शनिवार को टेड पंचायत के वार्ड नौ के लोगों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने बिलावर-फिंतर मार्ग जाम कर एक घंटे तक बिजली विभाग को जमकर कोसा और जल्द कदम उठाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार शनिवार को कम कम वोल्टेज की समस्या से परेशान वार्ड नौ के लोगों ने देवल में न्यू एज डिग्री कॉलेज के पास बिलावर-फिंतर मार्ग को बंद कर विभाग के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। इसमें महिलाओं सहित बच्चों ने भी हिस्सा लेकर आवाज बुलंद की। इस कारण यातायात करीब घंटे तक बंद रहा और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिस कारण यात्रियों व चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं, धरने पर डटे आक्रोशित लोगों ने कहा कि कम वोल्टेज से लोग परेशान हो चुके हैं। बिजली के उपकरण बंद पड़े हैं। विभाग हर महीने बिल में बढ़ोतरी कर रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। मार्ग बंद की सूचना मिलते ही विभाग के एईई ने मौके पर पहुंचकर लोगों को आश्वासन दिया कि कम वोल्टेज की समस्या का समाधान जल्द कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।