जम्मू। पुंछ में आतंकी हमले के विरोध में जम्मू स्टेटहुड मिशन ने जानीपुर में पाकिस्तान के खिलाफ रैली निकाल प्रदर्शन किया। पाकिस्तान का झंडा जलाया गया। अध्यक्ष सुनील डिंपल ने कहा कि हमले में पांच जवान शहीद हो गए। ऐसा पहली बार नहीं हुआ, बार-बार सेना के वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है। उपराज्यपाल प्रशासन पूरी तरह से फेल हो गया है। अब तक आतंकी वारदात पर अंकुश नहीं लग पाया। शिव सेना डोगरा फ्रंट ने रानी पार्क में रैली निकाल पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। पाकिस्तान के झंडे को जलाया। अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि इससे श्रीनगर में जी-20 कार्यक्रम की तैयारी पर असर पड़ेगा। यहां सुशील, अशोक, बंटू, रामपाल, दिनेश, जनक मौजूद रहे। इसी तरह सीपीआई (एम) ने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की।
शहीदों की आत्मा की शांति के लिए रखा मौन
जम्मू। विभिन्न सिख संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक पूर्व डीजीपीसी सदस्य मोहिंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई। शहीद सैनिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही दो मिनट का मौन रखा। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों को दो करोड़ की राशि दी जाए। सवाल उठाया कि अगर जम्मू-कश्मीर में अर्धसैनिक बल सुरक्षित नहीं है तो नागरिकों की सुरक्षा कैसे संभव है। एक जनवरी को जिला राजौरी में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को मार डाला गया। यहां शिरोमणि अकाली दल जेएंडके के अध्यक्ष दरबिंदर सिंह, जेएंडके मोटर ट्रांसपोर्ट कंपनी एसोसिएशन के अध्यक्ष गजन सिंह मौजूद रहे।
भारत दे सकता पाकिस्तान को करारा जवाब : अजातशत्रु
जम्मू। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री अजातशत्रु सिंह ने पुंछ में आतंकी हमले की निंदा की। पाकिस्तान पर तीखा हमला करते हुए सीमाओं के इस पार आतंक का निर्यात करने से बाज आने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान को जवाब देने में सक्षम है। मोदी सरकार सुनिश्चित करेगी कि युवा सैनिकों द्वारा दिया सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।