प्रेशर कुकर की सीटी लाने के लिए कहने पर पनपा विवाद, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। क्षेत्र के गांव चक बजीरू के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करने वाली महिला कर्मचारी और प्रधानाचार्य के बीच प्रेशर कुकर की सीटी को लेकर विवाद हो गया। इस पर गांव के लोगों ने प्रधानाचार्य अर्जुन सिंह के खिलाफ प्रदर्शन किया। मिड-डे मील तैयार करने वाली चंचल ने आरोप लगाया कि उसने प्रधानाचार्य से प्रेशर कुकर की सीटी लाने के लिए कहा तो प्रधानाचार्य ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। प्रधानाचार्य उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते और छोटी-छोटी बातों पर अपशब्द कहते हैं।
जब इस मामले का गांव वालों को पता चला तो उन्होंने स्कूल के बाहर इकट्ठे होकर प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रदर्शन किया। गांव वालों ने आरोप लगाया कि अध्यापकों द्वारा स्कूल में बच्चों को ठीक से पढ़ाया नहीं जाता। इस कारण गांव के कई लोगों ने अपने बच्चों को सरकारी प्राथमिक विद्यालय से निकाल दिया है। स्कूल में सिर्फ 21 बच्चे हैं और 3 अध्यापक हैं। गांव वालों ने बताया कि प्रधानाचार्य अर्जुन सिंह लगभग 20 साल से इसी स्कूल में कार्यरत हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य पर स्कूल में शराब पीकर आने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से प्रधानाचार्य सहित सभी अध्यापकों का स्कूल से तबादला करने की मांग की। वहीं, प्रधानाचार्य ने कहा कि मिड-डे मील कर्मचारी द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने महिला कर्मचारी को खुद प्रेशर कुकर की सीटी लाने के लिए कहा था।