दशहरे के दौरान भद्रवाह में छोड़े गए पटाखों पर पवित्र कुरान की कुछ आयतें मिलने के बाद शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। भद्रवाह, किश्तवाड़, ठाठरी, रामबन और डोडा में प्रदर्शन हुए।
पुलिस ने पटाखा बनाने वाली कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अंजुमन इस्लाही भद्रवाह के आह्वान पर नगर में कई जगह प्रदर्शन किए गए।
पटाखा कंपनियों के खिलाफ लोगों का गुस्सा इतना भड़का कि उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दी। भद्रवाह-डोडा सड़क मार्ग पर गाडि़यों की आवाजाही बंद कर दी। बाजार में टायर जलाकर विरोध प्रदर्शित किया। इस दौरान कुछ युवाओं ने देश विरोधी नारेबाजी भी की।
सूचना पाकर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ गई। तनाव को देखते हुए पुलिस और सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया।
एसडीपीओ भद्रवाह सरदार सज्जाद खान के अनुसार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पटाखा उत्पादन कंपनी के खिलाफ ओपन पर्चा दर्ज कर लिया।