जम्मू के विजयपुर के पास रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने से नाराज परिवार वालोें ने रविवार को जमकर बवाल काटा। परिवार वालों ने शव सड़क पर रखकर सतवारी चौक पर जाम लगा दिया, जो चार घंटे तक रहा।
महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगाें को समझाकर शांत करवाया। इस मामले की न्यायिक जांच होगी, जबकि परिवार के कुछ और लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया जाएगा।
शनिवार को विजयपुर के पास रेलवे ट्रैक से राया सुचैनी की रहने वाली आशा शर्मा का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिवार को सौंप दिया। रविवार को महिला के मायके वाले शव को लेकर सतवारी चौक पहुंच गए और चौक बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।