जम्मू। अनलॉक 5 के दौरान प्रतिष्ठित पीरखो-महामाया सेक्शन 1 रोपवे को नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले हफ्ते शुरू करने की तैयारी है। तवी नदी के ऊपर स्थित इस रोपवे में 14 केबिन हैं। इसमें 11800 (1.12 किमी.) के फासले में सात टावर लगाए गए हैं। इस रोपवे पर लगभग काम मुकम्मल कर लिया गया है। विशेषज्ञ कमेटी की ओर से सिफारिश किए गए कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वर्तमान में हाल ही में सेक्शन 2 में बाहु-महामाया रोपवे को शुरू किया गया है। जिसे सुबह 11 से शाम 5 बजे तक चलाया जा रहा है। इंचार्ज रोपवे जम्मू राकेश भट्टे ने बताया कि सेक्शन 1 में भी लगभग काम पूरा कर लिया गया है और नवंबर के आखिर या दिसंबर के शुरू में इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। दोनों रोपवे के शुरू होने से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। सेक्शन 2 में फिलहाल प्रत्येक व्यक्ति से 100 रुपये ही टिकट ली जा रही है।